Site icon Lahar Chakra

JMM के हजारीबाग जिला अध्यक्ष के अंगरक्षक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घर के कमरे से शव बरामद, पूर्व मंत्री ने लगाये ये आरोप

Hazaribag. हजारीबाग में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के हजारीबाग जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया के अंगरक्षक निरंजन महतो की गुरुवार सुबह गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी स्थित एक घर के कमरे से बरामद किया गया। मृतक झारखंड पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत थे और संजीव बेदिया के बॉडीगार्ड के रूप में तैनात थे।

पूर्व मंत्री ने जिला अध्यक्ष पर लगाए आरोप
इधर, कांग्रेस के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने इस घटना को लेकर जेएमएम जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले को कथित अवैध कोयला और बालू उगाही से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। योगेंद्र साव ने मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया और इसे साजिश के तहत हत्या होने की आशंका जताई।

कमरे में एके-47 रायफल भी मिली
वहीं, जिस घर से शव बरामद हुआ, वह अंदर से बंद था। शव के बगल में ही एके-47 रायफल भी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। बड़कागांव के एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एफएसएल की जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

Exit mobile version