
Ranchi. प्रदेश भाजपा ने झामुमो के केंद्रीय महासचिव के प्रेस काॅन्फ्रेंस पर पलटवार किया है. प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि अपनी निश्चित हार देखकर झामुमो बहाने बनाने में जुट गया है. 23 नवंबर को झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार का अंत हो जायेगा. झामुमो चाहती नहीं है कि इसका ठीकरा हेमंत सोरेन पर फूटे. इसलिए वह हर दिन बहाने बना रही है.
प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री शाहदेव ने कहा कि बरहेट क्षेत्र में झामुमो कार्यकर्ता आतंक का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन, उससे ध्यान बंटाने के लिए झामुमो नेता प्रतिपक्ष पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग पर झामुमो आज आरोप लगा रहा है, उसी चुनाव आयोग, अर्द्ध सैनिक बलों और राज्य पुलिस की देखरेख में हुए चुनाव में 2019 में इन्होंने जीत हासिल की थी. लेकिन, इस बार हार के बहाने बनाने के लिए इसी चुनाव आयोग पर प्रश्न चिह्न खड़ा किया जा रहा.
चुनाव आयोग ने भाजपा के खिलाफ भी कई मामलों में संज्ञान लिया, लेकिन भाजपा ने कभी शिकायत नहीं की. श्री शाहदेव ने कहा कि कुछ अधिकारी इस सरकार में टूल किट बनकर काम करते रहे. एक जिलाधिकारी को चुनाव आयोग ने निर्वाची कार्य से हटाया, तो उन्हें राजधानी का जिलाधिकारी बना दिया गया. झामुमो को इस पर भी आपत्ति है. भाजपा हमेशा से मनाती है कि अधिकारियों को नियम कानून से चलना चाहिए, क्योंकि सरकारें आती-जाती रहती हैं. श्री शाहदेव ने कहा झामुमो आरोप लगा रहा है कि भाजपा हिंदू मुसलमान करती ह लेकिन पिछले पांच सालों में झामुमो की जातिय समीकरण में भेदभाव की पोल खुल चुकी है.
