
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला फुटबॉल लीग-2026 का आयोजन 24 जून से 1 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 25 पंजीकृत टीमों और महिला वर्ग की 6 टीमों के बीच मुकाबले होंगे। पुरुष वर्ग की टीमों को पांच समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए और ग्रुप-बी के मैच सरायकेला के बिरसा स्टेडियम में, जबकि ग्रुप-सी, डी और ई के मुकाबले खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में खेले जाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए उमेश सिंहदेव ने कहा कि जिले में पहली बार महिला फुटबॉल लीग का आयोजन किया जा रहा है। इससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा तथा वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकेंगी।
डीएसए के सचिव मोहम्मद दिलदार ने बताया कि महिला लीग में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा, जिससे उन्हें आगे राज्य एवं राष्ट्रीय टीमों में खेलने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन वर्ष 2006 से लगातार महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करता आ रहा है और जिले की कई खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि महिला फुटबॉल लीग के आयोजन से जिले में महिला फुटबॉल को नई दिशा मिलेगी तथा यह पहल बेटियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में 17 जून से 20 जून तक सभी टीमों के खिलाड़ियों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) वितरित किए जाएंगे।
बैठक में डीएसए के कोषाध्यक्ष पिनाकी रंजन सहित बिरेंद्र पाल, संतोष महतो, मोहम्मद रमजान, बलराम महतो, संजय सांडी, विजय दिग्गी, पंकज कुमार गागराई, समीर महतो, रतन मुर्मू, विशाल गोप, तपन नायक, बसंत गतातायत, साधु माहली तथा फुटबॉल लीग में भाग लेने वाली टीमों के सचिव, मैनेजर, रेफरी एवं तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित थे।