Site icon Lahar Chakra

महिला का यौन शोषण करने और जान से मारने की धमक देने का आरोपी खूंटी जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया गिरफ्तार

Ranchi : खूंटी जिला परिषद के अध्यक्ष मसीह गुड़िया को रांची जिले के चुटिया थाने की पुलिस ने शनिवार को उनके चेम्बर से गिरफ्तार कर लिया. इस गिरफ्तारी की पुष्टि खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने की है. जानकारी के अनुसार, मसीह गुड़िया के खिलाफ एक महिला ने चुटिया थाने में गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था. पहले महिला अपनी शिकायत लेकर खूंटी पुलिस के पास गई थी, लेकिन मामला रांची जिले से संबंधित होने के कारण उसकी शिकायत रांची एसएसपी कार्यालय को भेजी गई थी. इसके बाद रांची पुलिस ने जांच के बाद चुटिया थाने में मामला दर्ज किया.

महिला ने अपने आवेदन में कहा है कि 7 फरवरी 2024 को उसकी शादी मसीह गुड़िया के साथ दिवड़ी मंदिर में हुई थी और 23 अप्रैल 2024 को रांची रजिस्ट्री ऑफिस में विवाह हुआ. महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसके पति ने उसे घर नहीं ले जाने का बहाना बनाया और कहा कि सामाजिक विवाह के बाद वह उसे घर ले जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

महिला ने आगे कहा कि 6 जुलाई 2024 के बाद उसके पति और उनके परिवार का व्यवहार उसके प्रति बदल गया. उसकी ननद ने फोन कर कहा कि उसे अपने भाई को छोड़ देना चाहिए. महिला ने बताया कि 12 जुलाई 2024 को उसके पति उससे मिलने रांची आए थे, लेकिन अक्टूबर 2024 में उन्होंने 30 लाख रुपए की मांग की और उसके बाद कॉल और व्हाट्सएप करना बंद कर दिया.
महिला ने आरोप लगाया कि शादी से पहले, 23 जनवरी 2024 को, मसीह गुड़िया ने उसका जबरन शारीरिक शोषण किया था. उल्लेखनीय है कि हाल ही में जिला परिषद के सात सदस्यों ने मसीह गुड़िया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था. चुटिया थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि मसीह गुड़िया को खूंटी से गिरफ्तार किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

Exit mobile version