
Chaibasa. कोल्हान विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 25 नवंबर को होगा. समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. इस दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुल 79 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि जबकि 155 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किये जायेंगे. विश्वविद्यालय के नोटिफिकेशन के अनुसार मेडल गोल आकार में चांदी का बना होगा, जिस पर गोल्ड प्लेटिंग की जायेगी. प्रत्येक मेडल का औसत वजन 40 ग्राम और व्यास लगभग 50 मिलीमीटर होगा. मेडल कस्टमाइज्ड डिजइान में तैयार किये जायेंगे, जिन पर लेजर के माध्यम से छात्र का नाम, विषय, वर्ष और विश्वविद्यालय का लोगो अंकित रहेगा.
सभी मेडल प्रीमियम बॉक्स पैकिंग में उपलब्ध कराये जायेंगे. विवि प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बोली केवल उन्हीं फर्मों की स्वीकार की जायेगी जिनके पास पैन, जीएसटी रजिस्ट्रेशन और कम से कम 50 लाख रुपये का वार्षिक टर्नओवर हो. दीक्षांत समारोह के लिए विश्वविद्यालय ने पंजीकरण प्रक्रिया आरंभ कर दी है. छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.kolhanuniversity.ac.in से पंजीकरण फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं. आवेदन पत्र को पूरी तरह भरकर आवश्यक स्व प्रमाणित दस्तावेजों के साथ 8 नवंबर 2025 तक विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा करना अनिवार्य है. ताकि विवि प्रशासन को यह पता चल सके कि कितने विद्यार्थी इस समारोह में शामिल होंगे. पंजीकरण शुल्क सामान्य पाठ्यक्रमों के लिए 1000 रुपये और पीएचडी उम्मीदवारों के लिए 2000 रुपये निर्धारित किया गया है.
