Site icon Lahar Chakra

Kumbh Mela: इस्कॉन के शिविर में आग लगी, 20 से अधिक टेंट जल कर खाक, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं, अब तक 40 करोड़ श्रद्धालु लगा चुके हैं डुबकी

Prayagraj. महाकुंभ नगर के सेक्टर-18 में स्थित अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के शिविर में शुक्रवार की सुबह आग लग गयी. इसमें करीब 20 से 22 टेंट जलकर खाक हो गये. अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल कदम उठाते हुए दमकल केंद्र से गाड़ियां रवाना की गयीं और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. महाकुंभ में 20 दिन में आग लगने की यह तीसरी घटना थी. महाकुंभ में अब तक डुबकी लगाने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं, कल्पवासियों की संख्या 40 करोड़ के पार पहुंच गयी है.

अभी महाकुंभ मेला संपन्न होने में 19 दिन शेष हैं और ऐसे में सरकार का अनुमान है कि डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 50 करोड़ के पार जा सकता है. पीएम मोदी सहित कई गणमान्य भी अबतक श्रद्धा की डुबकी लगा चुके हैं. 10 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भी महाकुंभ आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है.
महाकुंभ में माघ पूर्णिमा से पहले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रयागराज में समस्त बोर्ड के सभी माध्यमिक स्कूलों की कक्षाएं शुक्रवार से 12 फरवरी (माघ पूर्णिमा) तक ऑनलाइन तरीके से संचालित करने का निर्देश जारी किया गया है.

Exit mobile version