
Chaibasa. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ एल मुरुगन अपने चाईबासा दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को उपायुक्त सभागार में बैठक कर आकांक्षी जिला कार्यक्रमों व जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की. समीक्षा के क्रम में मंत्री के साथ उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर और विभिन्न विभागों और योजनाओं से जुड़े जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया.
मंत्री ने कहा कि सरकार को अपनी ताकत का इस्तेमाल कर लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाना है. सबका साथ सबका विकास का प्रधानमंत्री का लक्ष्य है. इसी ध्येय से ही हम विकसित भारत का 2047 तक निर्माण कर सकते हैं.उन्होंने जिले के अधिकारियों को स्कूल में ड्रॉप आउट के दर को कम करना जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के लाभर्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम किया जाय.
बैठक से पूर्व सुबह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन ने जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड में संचालित आईटीआई केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान मंत्री श्री मुरूगन ने आईटीआई में विभिन्न ट्रेड आधारित वर्कशॉप का अवलोकन किया. इसके बाद मंत्री श्री मुरूगन चाईबासा के सदर प्रखंड स्थित टाटा कॉलेज कॉलोनी मध्यविद्यालय के पीमएमश्री का भ्रमण किया. साथ ही मंत्री श्री मुरूगन ने साइंस लैब, कंप्यूटर लैब व संचालित क्लासरूम का अवलोकन करते हुए अध्यनरत विद्यार्थियों के साथ वार्तालाप भी किया.
