Site icon Lahar Chakra

Latehar Accident: कंटेनर से टकराया पिकअप, एक की मौत, 12 घायल, सालाना उर्स में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे सभी लोग, घायलों में पांच की हालत गंभीर

Latehar. थाना क्षेत्र के बकोरिया गांव के पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह एक बेकाबू पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गया. घटना में पिकअप में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं. इनमें बच्चे भी शामिल हैं. मृतक की पहचान मजहर हुसैन के रूप में हुई. हादसे का शिकार हुए सभी लोग मनिका थाना क्षेत्र के रेवत गांव के रहनेवाले हैं. घायलों में पांच की हालत बेहद नाजुक बतायी जा रही है. बेहतर इलाज के लिए इन्हें सदर अस्पताल लातेहार और रिम्स रेफर किया गया है. वहीं, कई घायलों का इलाज मनिका अस्पताल में चल रहा है.

बताया जाता है कि सभी लोग लेस्लीगंज में चल रहे सालाना उर्स में शामिल होने और कव्वाली सुनने गये थे. वहां से ये लोग पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहे थे. इसी बीच बकोरिया पेट्रोल पंप के पास अचानक पिकअप वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गया. दुर्घटना इतना भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घायलों में असमीना बीवी, रानी खातून, सुहानी परवीन, गफ्फार हुसैन की हालत काफी गंभीर बनी हुई है. दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन में मजहर हुसैन समेत उनके परिवार के पांच सदस्य सवार थे. थाना प्रभारी अंचित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है. एसआइ विश्वनाथ कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल सभी मनिका थाना क्षेत्र के रेवत गांव के रहनेवाले हैं. दुर्घटना में मृत मजहर हुसैन के शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने दोनों वाहनों जब्त कर लिया है.

Exit mobile version