Pryagraj. महाकुंभ में अमृत स्नान पर्व और अन्य स्नान पर्व माघी पूर्णिमा बीत जाने के बाद भी आस्था का जनसैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा और रविवार को शाम आठ बजे तक 1.49 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया. मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक रविवार को शाम आठ बजे तक 1.49 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में स्नान किया, जबकि 13 जनवरी से अभी तक 52.96 करोड़ लोगों ने महाकुंभ में स्नान किया है.

20 फरवरी तक स्कूल-कालेज बंद
प्रयागराज में महाकुंभ मेले में सभी दिशाओं से आ रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने 17 से 20 फरवरी तक ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र में स्थित कक्षा एक से आठ तक के समस्त परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और अन्य समस्त बोर्ड से मान्यता प्राप्त अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यमों के विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं चलाने का निर्देश दिया है.
श्रद्धालुओं की संख्या को 50 करोड़ के पार
वहीं, उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रविवार को 238 ट्रेनें चलाई गईं और 10.96 लाख से अधिक यात्रियों ने प्रयागराज के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा की. उन्होंने बताया कि रेलवे ने शनिवार को 339 ट्रेनें चलाई थीं जिससे 14.76 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की. उल्लेखनीय है कि शनिवार को 1.36 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में स्नान किया, जबकि इससे पूर्व शुक्रवार को करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान कर महाकुंभ में स्नान करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या को 50 करोड़ के पार पहुंचाया था.