Site icon Lahar Chakra

Milk Price Hike: अमूल, मदर डेयरी ने दूध के दाम दो से चार रुपये लीटर बढ़ाए, आज से नयी कीमतें लागू

New Delhi. प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें बृहस्पतिवार से लागू होंगी। इन कंपनियों ने दूध की खरीद कीमतों में वृद्धि और ईंधन खर्च बढ़ने सहित उत्पादन लागत में इजाफे को इस वृद्धि का कारण बताया है। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) और मदर डेयरी ने इससे पहले इस साल मई में दूध की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की थी।

वहीं, पिछले महीने कर्नाटक के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड नंदिनी ने अपने उत्पादों के दाम बढ़ाए थे। दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर असर पड़ने के साथ खाद्य महंगाई भी बढ़ सकती है। अमूल ब्रांड के तहत दूध बेचने वाले जीसीएमएमएफ ने बुधवार को बयान में कहा कि उसने 12 नवंबर, 2026 से दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। सहकारी संस्था ने देशभर में दूध के दाम में चार से पांच प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। जीसीएमएमएफ ने कहा, हमारे सबसे अधिक बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (तीन प्रतिशत वसा) की कीमत में केवल दो रुपये प्रति लीटर (3.3 प्रतिशत) की वृद्धि की गई है, जबकि छह प्रतिशत वसा वाले अमूल गोल्ड दूध की कीमत चार रुपये प्रति लीटर (5.5 प्रतिशत) बढ़ाई गई है।’’

दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, कंपनी ने अपने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। जीसीएमएमएफ ने कहा कि दूध उत्पादन और प्रसंस्करण की लागत में भारी वृद्धि के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।

Exit mobile version