
Palamu : नक्सल इलाके में माइनिंग माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए वन विभाग की टीम पर हमला हुआ है. इस हमले में वन विभाग के पांच कर्मी जख्मी हुए है. सभी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर रूप से चोट लगी है. सभी को इलाज के लिए पलामू के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में छापेमारी अभियान चलाया गया.
सिलदाग पंचायत के एनएच-98 से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित बसडीहा के जंगल में बीती रात कुछ पत्थर माफिया ट्रैक्टर पर अवैध पत्थर लोड कर रहे थे. इस पर कार्रवाई करते हुए छतरपुर पूर्वी के वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां कार्रवाई के दौरान 30 से 35 की संख्या में अज्ञात पत्थर माफियाओं ने लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी लेकर वन कर्मियों पर हमला कर दिया. घटना शनिवार रात्रि करीब 10 बजे की है.
बसडीहा तथा उसके आसपास के जंगलों में आए दिन पत्थर माफिया वन क्षेत्र से अवैध रूप से पत्थरों का उत्खनन कर ट्रैक्टर पर लोड कर रहे हैं. इस सूचना के आलोक में कार्रवाई करते हुए पूर्वी वन क्षेत्र छतरपुर द्वारा कार्रवाई की जा रही थी. जब वन कर्मी बसडीहा पहुंचे तो देखा कि अवैध पत्थर तोड़कर ट्रैक्टर पर लोड किया जा रहा है. इस पर कार्रवाई के दौरान पत्थर माफियाओं के द्वारा वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया. हमले में करीब 30 से 35 लोग लाठी, डंडे लेकर वन कर्मियों पर टूट पड़े. हमले में कुछ वनकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
