
मुंबई. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की रविवार को एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में मिथुन मन्हास को आधिकारिक तौर पर नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया. वह रोजर बिन्नी की जगह लेंगे. 70 वर्ष की आयु सीमा के कारण रोजर का कार्यकाल समाप्त हुआ है. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मन्हास को बधाई दी और कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए यह गर्व का क्षण है. जिले डोडा के लिए यह दिन खास है. पहले किश्तवाड़ की बेटी शीतल विश्व चैंपियन बनीं और अब भद्रवाह के बेटे मिथुन ने यह उपलब्धि हासिल की.”
नयी कमेटी में उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सचिव देवजीत सैकिया, संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया, कोषाध्यक्ष रघुराम भट्ट, एपेक्स काउंसिल मेंबर जयदेव शाह, गवर्निंग काउंसिल मेंबर अरुण धूमल और एम. खैरुल जमाल मजूमदार शामिल है.
मिथुन मन्हास पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं, जिनके नाम घरेलू क्रिकेट में कई रिकार्ड हैं. 157 प्रथम श्रेणी मैचों में 27 शतक और 49 अर्धशतक के साथ 9714 रन बनाए. मन्हास ने 2007-08 में दिल्ली को रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. वह जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) के प्रशासक रहे हैं और आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी काम कर चुके हैं.
BCCI ने चयन समिति में भी बड़े बदलाव किए हैं. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह और स्पिनर प्रज्ञान ओझा को राष्ट्रीय चयनकर्ता नियुक्त किया गया है. ये सुब्रतो बनर्जी और एस शरथ की जगह लेंगे. वहीं, पूर्व महिला क्रिकेटर अमिता शर्मा को महिला सीनियर चयन समिति का नया मुख्य चयनकर्ता बनाया गया है, जो नीतू डेविड की जगह लेंगी. सुलक्षणा नाइक और श्रावंती नायडू को भी महिला चयन समिति में शामिल किया गया है.
