जमशेदपुर/मुंगेर,।
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक श्री सरयू राय ने रविवार को बोल बम कांवड़ यात्रा के दौरान मुंगेर के तारापुर में कांवड़ियों की सेवा कर सामाजिक सरोकार का उदाहरण प्रस्तुत किया। वे श्री श्री 108 बाबा तारकेश्वर नाथ उल्टा स्थान महादेव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन के बाद बोल बम सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर के बैनर तले लगाए गए सेवा शिविर में पहुंचे।
विधायक श्री राय ने न केवल कांवड़ियों को अपने हाथों से भोजन परोसा, बल्कि कुछ दूरी तक उनके साथ पैदल यात्रा भी की। इस दौरान वे बेहद आत्मीय और सेवा भाव से लबरेज़ दिखे, जिसे देखकर कांवड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
READ MORE :रेल डिब्बों और इंजनों में लगेंगे हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, यात्री सुरक्षा होगी और मजबूत
सेवा शिविर में उनके साथ इंद्रजीत सिंह, राकेश सिंह, अनीश कुमार, पंकज सिंह, विमल किशोर सिंह, आशीष पॉल, निशांत, मंटू, बसंत, पद्मा, श्वेता, सारिका, दीपक सिंह और साकेत गौतम भी मौजूद थे। इन सभी ने सामूहिक रूप से कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा की, उन्हें जलपान, मेडिकल सहायता और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
ज्ञात हो कि विधायक सरयू राय रविवार की सुबह ही तारापुर पहुंचे थे और घंटों तक लगातार सेवा कार्यों में संलग्न रहे। उन्होंने कहा कि—
“कांवड़ यात्रा केवल आस्था नहीं, समाज सेवा और संयम की भी परीक्षा है। कांवड़ियों की सेवा करना शिव सेवा के बराबर है।”
उनकी उपस्थिति ने न केवल ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया, बल्कि आम श्रद्धालुओं में भी आत्मीयता की भावना उत्पन्न की।
बोल बम सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर द्वारा लगाए गए शिविर में भोजन, पानी, प्राथमिक उपचार और विश्राम व्यवस्था की सराहना स्थानीय प्रशासन और श्रद्धालुओं ने भी की।
