
पलामू.लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के बाद अब निकाय चुनाव की तैयारी में प्रशासनिक महकमा जुट गया है. गुरूवार को पिछड़े वर्गों के आरक्षण निर्धारित करने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) शशि रंजन ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की. बैठक में आरक्षण निर्धारण के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) शशि रंजन ने गुरूवार को कहा कि नगर निकायों में पिछड़े वर्गों के लिये आरक्षण का निर्धारण किया जाना है. ऐसे में सभी संबंधित नगर निकाय पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रा अंतर्गत प्रगणक, पर्यवेक्षक एवं अनुश्रवण समिति की प्रतिनियुक्ति का गठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को वार्डवार विखंडन करने, इसके पश्चात डोर-टू-डोर सर्वे कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया. बैठक में सर्वे प्रपत्रों की आवश्यकतानुसार छपाई, मुद्रण का निर्देश दिया. पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राज्य के नगर निकायों में पिछड़े वर्गों को आरक्षण दिये जाने से संबंधित कार्यों को सुनिश्चित रूप से आयोग द्वारा निर्धारित तिथि तक पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करेंगे.
बैठक में डीआरडीए के निदेशक, विभिन्न सीओ समेत सभी नगर निकाय से जुड़े कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित रहे.
