Ranchi. झारखंड भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की कथित आत्महत्या के मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर 10 नवंबर से दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के सभी पांच जिलों में चार दिवसीय आंदोलन शुरू करने की सोमवार को घोषणा की। भगत ने छह नवंबर को फेसबुक पर लाइव आकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। लाइव के दौरान उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार और भूमि दलालों पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष सनी टोपो ने संवाददाताओं से कहा, “हम कार्यकर्ता की कथित आत्महत्या के मामले की सीबीआई से जांच की मांग करते हैं। अब तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि निशा के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन लोगों के नाम थे, जिनका जिक्र निशा ने अपनी मौत से पहले किया था।”
उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता 10 नवंबर से दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के सभी पांच जिलों में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता 10 नवंबर को रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा में मशाल जुलूस निकालेंगे, जबकि अगले दिन कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा।
