Site icon Lahar Chakra

Nobel Prize: कनाडाई कवि और निबंधकार ऐनी कार्सन को साहित्य का नोबेल पुरस्कार, आज शांति के लिए विजेता की होगी घोषणा

Stockholm. कनाडाई कवि, निबंधकार और अनुवादक ऐनी कार्सन को इस साल के साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। स्टॉकहोम में स्वीडिश अकादमी ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की। टोरंटो में जन्मीं 76 वर्षीय कार्सन प्राचीन यूनानी और रोमन साहित्य के विषयों और कहानियों को अपनी रचनाओं का आधार बनाती हैं, जो अक्सर कविता, निबंध और कथा साहित्य के तत्वों का मिश्रण होती हैं। स्वीडिश अकादमी की स्थायी सचिव इंग्रिड कार्लबर्ग ने बताया कि जब अकादमी ने उन्हें नोबेल साहित्य पुरस्कार विजेता बनने की सूचना देने के लिए संपर्क किया, तो लेखिका आइसलैंड में ‘हवा की सुगबुगाहट सुन रही थीं’।

कार्लबर्ग ने कहा, ‘वह बहुत आश्चर्यचकित थीं।’ कार्सन पिछले कुछ वर्षों के उन साहित्य नोबेल पुरस्कार विजेताओं में से एक हैं जो अधिक चर्चित रहे हैं। इस पुरस्कार से अक्सर ऐसे लेखकों को सम्मानित किया जाता है जो साहित्यिक दुनिया के बाहर बहुत कम जाने जाते हैं और व्यापक पाठकों से जुड़ने की क्षमता की तुलना में साहित्यिक प्रयोग को प्राथमिकता देने के लिए इसकी कभी-कभी आलोचना भी की जाती है।
हालांकि, यह पुरस्कार पाठकों को उनकी भाषाओं या पाठन अभिरुचियों से परे लेखकों और कृतियों से भी परिचित कराता है।

कार्सन की पुस्तकों में प्राचीन यूनानी साहित्य में इच्छा के सुख और दर्द पर आधारित नजरिया प्रस्तुत करने वाली ‘इरोज द बिटरस्वीट’, छंदबद्ध उपन्यास ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड’, कविता और गद्य का संग्रह ‘मेन इन द ऑफ ऑवर्स’ (जिसने 2001 में कनाडा का प्रतिष्ठित ग्रिफिन पोएट्री प्राइज जीता था), और मर्लिन मुनरो तथा ट्रॉय की हेलेन की तुलना करने वाली कृति ‘नॉर्मा जीन बेकर ऑफ ट्रॉय’ शामिल हैं।

पिछले साल, हंगरी के लेखक लास्लो क्रास्नाहोरकाई ने साहित्य का नोबेल पुरस्कार जीता था। इस साल के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की शुरुआत सोमवार को हुई। शुक्रवार को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद अर्थशास्त्र में नोबेल स्मृति पुरस्कार के विजेता का नाम सोमवार को घोषित किया जाएगा। इस साल पुरस्कार की राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (लगभग 12 लाख अमेरिकी डॉलर) है।

Exit mobile version