
Ranchi : झारखंड के किडनी रोगियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है. राज्य सरकार अब रांची में एक अत्याधुनिक किडनी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित करने जा रही है. इस हॉस्पिटल में 2200 बेड की व्यवस्था होगी और यह अस्पताल किडनी रोगों के समग्र इलाज, विशेष रूप से किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल चिकित्सा सुविधाओं से लैस होगा.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परियोजना झारखंड सरकार और ऑस्ट्रेलिया की ऑस्टिन हॉस्पिटल एंड सर्विसेज के संयुक्त सहयोग से विकसित की जाएगी. शनिवार को ऑस्टिन हॉस्पिटल एंड सर्विसेज के सीईओ आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने मंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की और इस प्रोजेक्ट पर विस्तृत चर्चा हुई.
मंत्री डॉ. अंसारी ने बताया कि आंद्रेई कोल्मोगोरोव न केवल उनके पुराने मित्र हैं, बल्कि उन्होंने झारखंड में बड़े पैमाने पर हेल्थ सेक्टर में निवेश का भी फैसला किया है. बातचीत के दौरान तय हुआ कि जल्द ही हॉस्पिटल के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जाएगी.
इस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल को राजनीति से दूर रखकर, पूरी तरह जनसेवा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं के मकसद से बनाया जाएगा. सीईओ आंद्रेई ने स्पष्ट कहा कि उनका लक्ष्य झारखंड को हेल्थकेयर का एक मजबूत केंद्र बनाना है.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह अस्पताल न केवल झारखंड, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए एक वरदान साबित होगा. इससे गंभीर किडनी रोगियों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. साथ ही, यह अस्पताल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाई देगा.
