Site icon Lahar Chakra

Police Duty Meet: 68वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट प्रतियोगिता का समापन, बोले वित्त मंत्री, झारखंड में 95 प्रतिशत तक खत्म हो चुका है उग्रवाद, शासन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में जुटे हैं मुख्यमंत्री

Ranchi. झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के दोबारा सत्ता में आने के पीछे झारखंड पुलिस के बेहतरीन कामों की भी बड़ी भूमिका है. उन्होंने कहा कि झारखंड उग्रवाद व नक्सल प्रभावित प्रदेश था. शाम होते ही लोग दूर जाने से डरते थे. आज झारखंड में 95 प्रतिशत क्षेत्र उग्रवाद से मुक्त हो चुका है. यह काम झारखंड पुलिस के सार्थक प्रयास से हुआ. इस कारण यहां की जनता ने माना कि हेमंत सोरेन सरकार हमें सुरक्षा दे सकती है. उक्त बातें श्री किशोर ने 68वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट प्रतियोगिता के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही.

खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में श्री किशोर ने कहा कि मैं स्वयं उग्रवाद प्रभावित जिले से आता हूं. उन्होंने कहा कि झारखंड के 549 पुलिसकर्मियों ने अपनी जान देकर राज्य में उग्रवाद व नक्सलवाद पर अंकुश लगाया. उन्होंने कहा कि राज्य में यही स्थिति बनी रही, तो टीपीसी हो या अन्य उग्रवादी संगठन पनप नहीं सकते हैं. वहीं, दूसरी ओर कार्यक्रम में उपस्थित पर्यटन एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा, यह आयोजन पेशेवर तनाव को काम करने का साधन है.

आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेवारी पुलिस के पास है. वित्त मंत्री श्री किशोर ने कहा कि राज्य में शासन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जुटे हैं. सरकार ने पुलिसकर्मियों के लिए सैलरी पैकेज के तहत एक करोड़ बीमा का प्रावधान किया है. राज्य में आधुनिक पुलिस केंद्र की स्थापना होगी. साइबर थाना को सुदृढ़ बनाया जायेगा. वित्त मंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन झारखंड में पहली बार हुआ है. यह राज्य और झारखंड पुलिस परिवार के लिए गौरव की बात है. पुलिस चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम कर रही है. कोई घटना होने पर पुलिस सबसे पहले आती है. पुलिस सुपरमैन की तरह काम करती है.

Exit mobile version