Site icon Lahar Chakra

Potka Murder: चौकीदार की हत्या और उसके प्रेमी की खुदकुशी के मामलों में पोटका थानेदार मनोज मुर्मू का लाइन क्लोज, एसआइ सन्नी टोप्पो को कमान, जांच के आदेश

Jamshedpur. पोटका थाना की महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम हत्याकांड में थाना प्रभारी मनोज मुर्मू पर गाज गिरी है. प्रेमी द्वारा महिला चौकीदार की हत्या किये जाने के बाद वायरल वीडियो में लगाये गये आरोपों के आधार पर बुधवार को कार्रवाई की गयी. पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी पीयूष पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पोटका थानेदार मनोज कुमार मुर्मू को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया. उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिया गया है.

वहीं, एसआइ सन्नी टोप्पो को पोटका थाना का नया प्रभारी बनाया गया है. पुलिस ने ज्योतिका हेंब्रम और गणेश मांझी के शवों का पोस्टमार्टम कराया है. पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद पोटका के कालिकापुर केंदमुड़ी गांव में ज्योतिका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गणेश मांझी का भी अंतिम संस्कार उसके गांव जहातू में कर दिया गया है. यही नहीं, दोनों मामलों में उनके परिजनों ने मामला दर्ज कराया है. दोनों के परिजनों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

जानें क्या है मामला

तलब है कि ज्योतिका हेंब्रम छह महीने पहले चौकीदार के तौर पर नियुक्त हुई थी. वह मंगलवार को थाने में ड्यूटी करने के बाद घर लौट रही थी तभी उसके प्रेमी गणेश मांझी ने थाने से दो किलोमीटर दूर छोटा सिगदी के पास ज्योतिका की आरी वाले चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी थी. इस हत्याकांड में हत्यारोपी गणेश मांझी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो मैसेज जारी किया था..यह वीडियो उसने खुदकुशी करने से पहले बनाया था. इस वीडियो में गणेश मांझी ने बताया था कि ज्योतिका हेंब्रम उसकी प्रेमिका है.

9 साल से उनके बीच प्रेम संबंध था. लेकिन जब से ज्योतिका हेंब्रम ने पोटका थाना में चौकीदारी की नौकरी शुरू की है. वह थाना प्रभारी मनोज मुर्मू के करीब पहुंच गई है. गणेश मांझी ने आरोप लगाया था कि थाना प्रभारी मनोज मुर्मू ने ज्योतिका हेंब्रम के साथ संबंध बनाए हैं और इसकी जानकारी उसे हो गई है. इसी के चलते उसने ज्योतिका हेंब्रम को मौत के घाट उतारा और फिर खुद चाकू मार कर आत्महत्या कर ली थी.

Exit mobile version