New Delhi. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने असाधारण साहस और कला, संस्कृति व खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में शानदार उपलब्धियां हासिल करने वाले 17 बच्चों को बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया. यह पुरस्कार सात श्रेणियों में असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाता है, जिनमें कला एवं संस्कृति, वीरता, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा, खेल और पर्यावरण शामिल हैं.
चौदह राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए सात लड़कों और 10 लड़कियों को सम्मान के तहत एक पदक, प्रमाण पत्र और एक प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया. पुरस्कार पाने वालों में कला एवं संस्कृति में शानदार उपलब्धियां हासिल करने वाली 14 वर्षीय दिव्यांग लेखिका केया हतकर, कश्मीर के 12 वर्षीय सूफी गायक अयान सजाद, ‘सेरेब्रल पाल्सी’ से पीड़ित 17 वर्षीय व्यास ओम जिग्नेश (संस्कृत साहित्य) शामिल हैं.
