
Ranchi.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय दौरा पर शुक्रवार को रांची पहुंचीं. राष्ट्रपति का विशेष विमान शाम 4:40 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरा. एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष गांगवार, झारखंड सरकार की प्रतिनिधि के रूप में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राष्ट्रपति का औपचारिक स्वागत किया. इस अवसर पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजयंत्री, डीजीपी अनुराग गुप्ता, सिटी एसपी राजकुमार मेहता सहित राज्य के कई आला अधिकारी भी मौजूद थे.
एयरपोर्ट से राष्ट्रपति का काफिला शाम 4:55 बजे हिनू, बिरसा चौक, हरमू बाईपास रोड होते हुए राजभवन पहुंचा. राजभवन परिसर में पहुंचने पर एक बार फिर राष्ट्रपति का स्वागत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार व राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने किया. राष्ट्रपति के साथ उनका नाती भी आया हुआ है.
राष्ट्रपति बनने के बाद श्रीमती मुर्मू का यह चौथा कार्यक्रम है. राष्ट्रपति 15 फरवरी को बीआइटी मेसरा के 70वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगी. बीआइटी मेसरा स्थित जीपी बिड़ला ऑडिटोरियम में वे दिन के 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में रहेंगी. इस समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के साथ-साथ सीके बिड़ला, मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में राज्य के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.
सीके बिड़ला के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम की समाप्ति के बाद श्रीमती मुर्मू सीधे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जायेंगी. विशेष विमान से दोपहर 12:45 बजे सीधे नयी दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगी. 15 फरवरी को राष्ट्रपति के राजभवन से बीआइटी मेसरा तक जाने और बीआइटी मेसरा से बिरसा मुंडा एयर पोर्ट तक जाने के क्रम में शहर की पूरी ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. राष्ट्रपति का विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरने तक बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर नो फ्लाइ जोन घोषित कर दिया गया है.
