New Delhi. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ में सरकार के ‘हथियार’ के रूप में प्रमुख भूमिका निभाने तथा ‘देश की आत्मा पर हमला करने’ का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें केवल पद से हटाया जाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके खिलाफ ‘देशद्रोह का मुकदमा’ चलाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में यह भी कहा कि विपक्ष इस मामले को ‘न तो माफ करेगा और न ही भूलेगा’ तथा उसके पास कुमार को पद पर नहीं बने रहने देने के लिए पर्याप्त सबूत हैं।
गांधी ने कहा, ‘हम माफ नहीं करेंगे और भूलेंगे भी नहीं। ज्ञानेश कुमार को केवल पद से हटाया नहीं जाना चाहिए, उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।’ ‘जन महाभियोग’ की कार्यवाही की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने की। खरगे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया, जिसे चर्चा के बाद सर्वसम्मति से ध्वनिमत से पारित किया गया। गांधी ने दावा किया, ‘ज्ञानेश कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में बच नहीं पाएंगे। हमारे पास पहले से पर्याप्त सबूत हैं जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह इस पद पर नहीं रहें।
