New Delhi. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुलेट ट्रेन परियोजना के उत्तर कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के तहत दिल्ली से गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन चलाने की योजना है, जिससे उत्तर भारत और पूर्वोत्तर के कई शहरों के बीच यात्रा में समय की काफी बचत होगी। वैष्णव ने यहां वाराणसी-नयी दिल्ली के बीच नयी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सेवा को हरी झंडी दिखाने से पहले कहा कि प्रधानमंत्री की बुलेट ट्रेन संबंधी परिकल्पना से युवाओं, मध्यम वर्ग और लघु उद्योगों से जुड़े कारीगरों को काफी लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण पूरी तरह ‘मेक इन इंडिया’ के तहत होगा और इसमें इस्तेमाल होने वाले खंभों से लेकर गर्डर तक का निर्माण देश में ही किया जाएगा। रेल मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित उत्तर कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना और सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक जाएगा और इसके शुरू होने से विभिन्न शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि दिल्ली से कानपुर का सफर एक घंटा 45 मिनट, दिल्ली से आगरा 59 मिनट और दिल्ली से लखनऊ दो घंटे 12 मिनट में पूरा होगा, वहीं लखनऊ से वाराणसी पहुंचने में एक घंटा 21 मिनट और दिल्ली से वाराणसी पहुंचने में तीन घंटे 35 मिनट लगेंगे।
