New Delhi. असम में गुवाहाटी के पास डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से ठीक पहले का इंजन के केबिन के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें लोको पायलट और सहायक लोको पायलट ट्रेन को रोकने के लिए सभी प्रकार के ब्रेक लगाते और जद्दोजहद करते दिख रहे हैं, लेकिन ट्रेन नहीं रुकी। हादसे के तुरंत बाद पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने एक बयान जारी कर कहा था कि लोको पायलट ट्रेन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण ट्रेन पटरी से उतर गई।
वीडियो में ब्रेक लगाए जाने के ठीक बाद चालक दल का एक सदस्य यह कहते हुए सुना जा सकता है कि आपातकालीन ब्रेक सहित सभी तरह के ब्रेक लगा दिए गए थे, लेकिन ट्रेन नहीं रुकी। लोको पायलट को यह कहते सुना जा सकता है, ‘‘देखिए बीपी कम नहीं हो रहा है।’’ इसका तात्पर्य ब्रेक पाइप (बीपी) की हवा के दबाव से है। ट्रेन में ब्रेक लगाने के लिए ब्रेक पाइप के इस दबाव का कम होना आवश्यक होता है।
वह कहते हैं, ‘‘कुछ भी काम नहीं कर रहा है।’’ वे यह बताते सुने जा सकते हैं कि उन्होंने इंजन में मौजूद आपातकालीन, लोको ब्रेक और ए-9 जैसे सभी ब्रेक लगा दिए थे, लेकिन किसी ने काम नहीं किया, जो ब्रेक प्रणाली में खराबी होने का संकेत देता है। वीडियो के अंत में ट्रेन का इंजन एक ‘डेड एंड’ (पटरी का अंतिम छोर या अवरोधक) से टकराता है और एक जोरदार झटके के साथ रुक जाता है।
वीडियो देखने वाले वरिष्ठ लोको पायलटों ने कहा कि आपातकालीन ब्रेक लगाने के बाद बीपी प्रेशर न घटने की बात सही नहीं है, क्योंकि वीडियो में दिख रहे डिस्प्ले मीटर (बीपी गेज – दबाव मापने वाला यंत्र) में बीपी प्रेशर पहले ही घटकर लगभग शून्य पर आ चुका था।
एक वरिष्ठ लोको पायलट ने कहा, “चालक दल ने घबराहट में गलत बयान दिया होगा। हालांकि, सच यह है कि बीपी प्रेशर शून्य होने के बावजूद ट्रेन नहीं रुक रही थी। पैंतालीस सेकंड की रिकॉर्डिंग के दौरान गति मापने वाले यंत्र में ट्रेन की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा के आसपास बनी रही। ट्रेन लाल सिग्नल पार करने के बाद ‘डेड एंड’ से टकराकर पटरी से उतर गई।’’
उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि ब्रेक प्रणाली में कोई खराबी थी, जिसके कारण ट्रेन रुक नहीं सकी और पटरी से उतर गई। इससे पहले भी ब्रेक काम न करने की वजह से लाल बत्ती पार करने के कई मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि ट्रेन की ब्रेक प्रणाली में कोई तकनीकी समस्या थी या नहीं।
