Site icon Lahar Chakra

Railway: ट्रेनों की लेटलतीफ़ी पर दक्षिण पूर्व रेलवे सख्त, मुंबई मेल और गीतांजलि एक्सप्रेस की झारसुगुड़ा के बाद स्टेशन-दर-स्टेशन होगी मॉनिटरिंग

Jamshedpur. मुंबई मेल और गीतांजलि एक्सप्रेस के लेट चलने की समस्या जल्द दूर करने की कवायद शुरू होगी। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में झारसुगुड़ा के बाद स्टेशन-दर-स्टेशन दोनों ट्रेनों की मॉनिटरिंग की जाएगी। रेल जीएम ने दोनों ट्रेनों के लेट होने के कारणों की जांच का आदेश दिया है। यात्रियों की ओर से ट्रेन लेट होने की शिकायत मिलने के बाद मॉनिटरिंग की योजना बनाई गई है। इससे डाउन में मुंबई मेल और गीतांजलि एक्सप्रेस के चक्रधरपुर मंडल में लेट होने के कारणों को चिह्नित कर खामियों को दूर किया जाएगा, क्योंकि ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।

जोन की इस पहल से छात्रों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को स्टेशन पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। निगरानी से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि ट्रेनें किस सेक्शन में सबसे अधिक लेट हो रही हैं और समय में सुधार के लिए कहां परिचालन संबंधी बदलाव जरूरी हैं। जोन बिलासपुर मंडल से समन्वय बनाकर ट्रेनों की लेटलतीफी दूर करने की दिशा में काम कर सकता है।

मुंबई से ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव और रास्ते में देरी के कारण यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट रही हैं। जमशेदपुर के सांसद और विधायक भी रेलवे से ट्रेनों को समय पर चलाने की मांग कर चुके हैं।

Exit mobile version