Ranchi . खराब ब्रेकिंग प्रणाली के बावजूद खाली वंदे भारत ट्रेन को अक्टूबर में झारखंड से उत्तर प्रदेश के बीच 463 किलोमीटर तक दौड़ाया गया, जिससे अन्य यात्री ट्रेनों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। अब इस मामले में दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच शुरू कर दी है। यह घटना 24 अक्टूबर को हुई थी। इसके कुछ ही दिन बाद 11 नवंबर को लगभग इसी तरह की लापरवाही के कारण कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस असम में पटरी से उतर गई थी।
रेलवे जोन ने कहा, पर्याप्त ब्रेकिंग क्षमता के बिना ट्रेन चलाना सुरक्षा की गंभीर चिंता का विषय है। इससे बड़ा हादसा हो सकता है, जिसमें रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। साथ ही रेल परिचालन की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।’खाली चेयर कार वाली वंदे भारत ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन से झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक ले जाया जाना था। अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत ट्रेन की ब्रेकिंग प्रणाली को मालगाड़ी के इंजन की ब्रेकिंग प्रणाली से जोड़ना था, ताकि पूरी यात्रा के दौरान मालगाड़ी का इंजन ट्रेन के डिब्बों को खींच सके।
हालांकि, रेलवे कर्मचारियों ने दोनों ब्रेकिंग प्रणाली को ठीक से जोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की। इतना ही नहीं, ट्रेन के चालक दल की ओर से समस्या की जानकारी दिए जाने के बावजूद चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने रांची के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को जांच शुरू करने का निर्देश देते हुए सात नवंबर को जारी आदेश में कहा कि 24 अक्टूबर को खाली वंदे भारत ट्रेन को हटिया से झांसी ले जाने के निर्देश दिए गए थे। आदेश में कहा गया है, लोको पायलट के बयान के अनुसार, हटिया से रवाना होने के बाद हटिया-रांची सेक्शन में मौजूदा निर्देशों के मुताबिक ‘ब्रेक फील’ और ‘ब्रेक पावर टेस्ट’ किया गया था।’’
इसमें आगे कहा गया है, ‘‘हालांकि, परीक्षण के दौरान लोको पायलट ने पाया कि ट्रेन की ब्रेकिंग क्षमता बेहद कमजोर और अप्रभावी थी।’’
रांची स्टेशन पहुंचने पर लोको पायलट ने ट्रेन की खराब ब्रेकिंग क्षमता के संबंध में सेक्शन नियंत्रक और ट्रैक्शन लोको नियंत्रक सहित रेलवे कर्मचारियों को लिखित शिकायत दी। आदेश में कहा गया है कि ब्रेकिंग क्षमता खराब होने की सूचना मिलने के बावजूद ट्रेन को उसी स्थिति में आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई।
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) स्टेशन पहुंचने पर ही रेलवे कर्मचारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद डीडीयू स्टेशन के अधिकारियों ने ट्रेन की जांच की तो पता चला कि सभी डिब्बों के ब्रेकिंग सिस्टम को अलग कर दिया गया था। इसके कारण डिब्बों में ब्रेक नहीं लग रहे थे। आदेश में कहा गया है कि ब्रेकिंग क्षमता कमजोर होने की सूचना मिलने के बावजूद संबंधित रेलवे कर्मचारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। आदेश के अंत में कहा गया है कि मामले की विस्तृत जांच कर संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही का पता लगाया जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी सुधारात्मक और एहतियाती कदम भी उठाए जाएं।
