Site icon Lahar Chakra

Cyclone ‘अर्नब’ को लेकर रेलवे तैयार, रेल मंत्री बोले- मंडल, संभाग और बोर्ड स्तर पर वॉर रूम सक्रिय, 24 घंटे की जा रही है निगरानी

New Delhi. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संभवत: 28 अक्टूबर को टकराने वाले चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से निपटने की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा करते हुए कहा कि विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम मंडलों में सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिये गये हैं और हालात को तेजी से सामान्य करने के उपाय भी किये गये हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार ‘अर्नब’ नामक यह बहुत ही भीषण तूफान 28 अक्टूबर सुबह तक आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर सकता है। यह तूफान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के पास से गुजरेगा।

वैष्णव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘मंडल, संभाग और बोर्ड स्तर पर वॉर रूम सक्रिय हैं। चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘यात्रियों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। लगभग 600 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मरम्मत के सामान से लदी राहत गाड़ियां कृष्णा नहर, बिट्रागुंटा, मामिडीपुडी, विशाखापत्तनम, पलासा और पोंडुरू में खड़ी हैं।’’

उन्होंने बताया कि ‘डीजल लोको’, ‘पॉवर यूनिट’ और एम्बुलेंस को प्रमुख रेलवे जंक्शनों पर तैयार खड़ा रखा गया है, जबकि ‘अर्थमूवर’, पेड़ काटने वाली मशीनें और बहाली के उपकरण थोड़ी-थोड़ी दूरी पर हैं।
रेल मंत्री ने कहा,‘हवा की गति और जल स्तर की हर घंटे जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा प्राधिकरणों के साथ समन्वय बना हुआ है।’’

Exit mobile version