
Ranchi : झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. मौसम विभाग के अनुसार, 29 सितंबर से लेकर 4 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है.
शुरुआत 29 सितंबर से होगी, जब दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश के आसार हैं. इसके बाद 30 सितंबर को तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर पूरे राज्य में फैल सकता है. हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. 1 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी भी दी गई है. वहीं, 2 से 4 अक्टूबर तक कई जिलों में गरज के साथ रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है.
तापमान की बात करें तो 28 सितंबर को राज्य में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, लेकिन आने वाले दो दिनों यानी 29 और 30 सितंबर को तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
