
रामगढ़. पुलिस ने नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का खुलासा करते हुए तीन गाड़ियां, दो बाइक और 30 लाख रु. की नकली शराब जब्त की है. वहीं, इस धंधे के सरगना समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. शनिवार को एसपी अजय कुमार ने बताया कि एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गड़के रोड की राधागोविंद यू्निवर्सिटी के पीछे जंगल क्षेत्र में एक मकान में छापेमारी कर रूपेश महतो सहित तीन युवकों को पकड़ा.
तीनों ने बताया कि जहानाबाद के राहुल शर्मा उर्फ बालमुकुंद द्वारा नकली शराब को विभिन्न ब्रांड की बोतलों में भरकर स्टीकर, रैपर व ढक्कन पर झारखंड सरकार लिख कर व बारकोड लगाकर पैकिंग कर दीपक मुंडा के एसबेस्टस के घर में रखा गया है. टीम ने इस मकान में छापेमारी कर रखी तैयार नकली शराब बरामद की. रूपेश की निशानदेही पर रांची के ओरमांझी से गिरोह के सरगना राहुल शर्मा को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद गिरोह के अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया. नकली शराब को खपाने के लिए रखी गई तीन गाड़ियां व दो बाइक को जब्त किया गया. वहीं, पुलिस ने 14 मोबाइल फोन, पानी का जार, सिंटेक्स टंकी, शराब बनाने वाली स्पिरिट आदि जब्त किया.
नकली शराब को एक-दो दिनों में बिहार भेजने की तैयारी थी. यह गिरोह पिछले 3 महीने से इस मकान में रह रहा था. गिरोह के सरगना राहुल शर्मा पर रांची, रूपेश महतो पर रामगढ़, निखिल कुमार पर रांची, राज कुमार पर रांची, आदर्श सिंह पर रांची व राकेश महतो पर रामगढ़ थाना में पहले से मामला दर्ज है.
