Site icon Lahar Chakra

Ranchi Crime: वकील की चाकू मारकर हत्या, रांची सिविल कोर्ट में न्यायिक कार्य ठप

Ranchi :  रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी है. घटना शुक्रवार सुबह सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम की है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अधिवक्ता गोपाल कृष्ण सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित अपने मधुकम आवास के पास खड़े थे.इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनपर चाकू से हमला कर दिया. हमले में बुरी तरह घायल गोपाल कृष्ण को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में काफी आक्रोश है. रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता काफी गुस्से में हैं. सभी वकीलों ने विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है.

रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण उर्फ गोपी बाबू की हत्या के बाद सिविल कोर्ट में काम काज ठप है. वकील की हत्या से जिले के अधिवक्ताओं में काफी आक्रोश है. अपने गुस्से का इजहार करते हुए रांची सिविल कोर्ट के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने रांची जिला बार एसोसिएशन से सिविल कोर्ट परिसर में मौन जुलूस निकाला और सिविल कोर्ट के प्रधान न्याययुक्त से इस मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया. इससे पहले सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने बार भवन में एक बैठक कर अधिवक्ताओं के संग हो रही अपराधिक घटनाओं पर चिंता जाहिर की. एसोसिएशन अधिवक्ता गोपाल कृष्ण के हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी के लिए रांची एसएसपी से भी बातचीत करेगा. फिलहाल एसोसिएशन ने यह निर्णय लिया है कि शनिवार तक रांची सिविल कोर्ट के सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए न्यायिक कार्य से दूर रहेंगे.

Exit mobile version