Site icon Lahar Chakra

सदर अस्पताल : एसडीओ के औचक निरीक्षण में गायब मिले चार डॉक्टर, शो-कॉज का निर्देश

जमशेदपुर. धालभूम एसडीओ शताब्दी मजूमदार ने मंगलवार की दोपहर सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान एसडीओ ने ओपीडी, विभिन्न वार्ड, चिकित्सीय सुविधाओं एवं संसाधनों की जांच की. ओपीडी, स्त्री एवं प्रसूती रोग सहित अन्य विभागों में जांच के दौरान उन्होने मरीजों से भी उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली.

ओपीडी के निरीक्षण में चार डॉक्टर अनुपस्थित पाये गए. इसमें ईएनटी की डॉ प्रीति पांडेय, स्कीन की डॉ निकिता गुप्ता, ग्यानोकोलॉजी की डॉ गीताली घोष और डेंटल के डॉ विमलेश कुमार शामिल हैं. हालांकि सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल ने एसडीओ को यह जानकारी दी कि डेंटल के डॉ विमलेश कुमार ऑन डयूटी है और एसेसमेंट कार्य से गये है जबकि ग्यानोकोलॉजी की डॉ गीताली घोष जांच कमेटी का हिस्सा थी और वहीं कार्यवाही को संचालित कर रही है.

हालांकि एसडीओने चारों चिकित्सकों को बिना पूर्वानुमति अनुपस्थित रहने को लेकर सिविल सर्जन को शो-कॉज का निदेश दिया. यही नहीं उन्होंने चिकित्सकों का रोस्टर उनके कक्ष में तथा कक्ष के बाहर भी लगाने को कहा ताकि डॉक्टरों की ड्यूटी का पता आसानी से लगाया जा सके.

जांच के क्रम में एसडीओ ने सभी वार्ड, शौचालय आदि में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, पेयजल की उचित व्यवस्था करने, रजिस्टर अपडेट रखने का निदेश दिया. वार्ड निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को दी जाने वाली भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, नियमित अंतराल पर बेड सीट बदलने, डॉक्टर की विजिट आदि की भी जानकारी ली.

अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा बेहतर किए जाने के उद्देश्य से अस्पताल का निरीक्षण आगे भी किया जाएगा ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कैसे हो सके इसे सुनिश्चित कराया जा सके.

Exit mobile version