Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को नीमडीह में बड़ी कार्रवाई की गई। अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध स्टोन चिप्स लदे एक हाईवा को जब्त किया। जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन को नीमडीह क्षेत्र में अवैध रूप से खनिजों के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर एक संदिग्ध हाईवा को रोका। जांच के दौरान वाहन में 700 सीएफटी से अधिक स्टोन चिप्स (गिट्टी) लदा पाया गया।
अधिकारियों ने वाहन चालक से खनिज परिवहन से संबंधित वैध चालान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मांग की, लेकिन चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने गिट्टी समेत हाईवा को जब्त कर लिया।
मामले में खनिज चोरी एवं अवैध परिवहन के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
