Site icon Lahar Chakra

Saraikela Accident: ट्रेलर की चपेट में आये दंपती, पत्नी ने दम तोड़ा, तीन साल पूर्व हुई थी शादी

Saraikela.सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आये घायल बाइक सवार महिला की मौत हो गयी. वहीं, पति घायल है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम खरसावां के गांगूडीह गांव निवासी धर्मेंद्र मंडल (28) अपनी पत्नी काजोल मंडल (20) के साथ बाइक से खरसावां से गम्हरिया की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कोलाबिरा रेलवे अंडरपास के समीप ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. ट्रेलर के धक्के से बाइक सवार दंपती घायल हो गये. पत्नी काजोल मंडल को गहरी चोट लगी थी. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से जमशेदपुर भेजकर टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान काजोल मंडल की मौत हो गयी.

धर्मेंद्र मंडल का उपचार टीएमएच अस्पताल में चल रहा है. उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. धर्मेंद्र व काजोल की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी. दोनों का एक साल का बेटा भी है. मृतक के गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा है. उधर, पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया है. मालूम हो कि सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें जान-माल की क्षति हो रही है.

Exit mobile version