Site icon Lahar Chakra

Saraikela: कार की चपेट में आने से नीमडीह के तीन बाइक सवार युवकों की मौत, हादसे के बाद कार सवार फरार

Chandil. चांडिल-पुरुलिया एनएच-32 से जुड़े पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप के रूप में हुई है। हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला में पनामा सर्कस देखने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मालती चेक पोस्ट के समीप जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, गंभीर रूप से घायल सपन गोप को इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी घटना और अर्टिगा की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद अर्टिगा सवार लोग वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। चेक पोस्ट के समीप पुलिस की मौजूदगी के बावजूद वाहन सवारों के फरार होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Exit mobile version