Dumka. झारखंड के गोड्डा जिले में ससुराल वालों द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने का बदला लेने के लिए एक महिला ने अपने आठ वर्षीय बेटे और एक रिश्तेदार के 11 वर्षीय बच्चे को कुएं में धकेलकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी राखी कुमारी को बृहस्पतिवार को उसके मायके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, राखी कुमारी अपने पति विक्रम सिंह, बेटे अरब कुमार और रिश्तेदार के बच्चे आयुष कुमार के साथ 19 अक्टूबर को दुर्गा पूजा का मेला देखने दुमका गई थी। इसी दौरान महिला और दोनों बच्चे लापता हो गए।
दुमका नगर थाने की प्रभारी प्रियंका आनंद ने बताया कि पाकुड़ जिले के निवासी विक्रम सिंह ने अगले दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पोडियाहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि दोनों बच्चों के शव महिला के मायके के गांव के एक कुएं से बरामद किए गए। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। दुमका नगर थाना प्रभारी ने कहा, “पूछताछ के दौरान राखी ने बताया कि वह दोनों बच्चों को अपने मायके ले गई थी और वहां उसने उन्हें कुएं में धकेल दिया। उसने ऐसा अपने पति और ससुराल वालों से बदला लेने के लिए किया, क्योंकि वे उसे प्रताड़ित करते थे।
