Site icon Lahar Chakra

Seraikella -Kharsawan आईटीडीए विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

Seraikella -Kharsawan: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी  नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समेकित जनजाति विकास अभिकरण (ITDA) विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी  गोपी उरांव सहित सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में छात्रवृत्ति योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि उपलब्ध आवंटन के अनुरूप सभी पात्र छात्र-छात्राओं को समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे.

साइकिल वितरण योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने एवं वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया. इसके अलावा सरना-जाहेरथान, आदिवासी कला एवं संस्कृति भवन, बहुद्देशीय भवन, धूमकुड़िया एवं मांझी थान भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई. उन्होंने लंबित प्रस्तावों को जल्द भेजने तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.

वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत योजनाओं के भौतिक सत्यापन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया. साथ ही विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके.

पीएम जनमन योजना की समीक्षा के दौरान लक्षित परिवारों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभान्वित करने तथा नियमित अनुश्रवण के माध्यम से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए.

अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लक्षित वर्गों तक योजनाओं का लाभ सुचारु रूप से पहुंच सके.

Exit mobile version