
Seraikella-Kharsawan: सड़क सुरक्षा को लेकर सरायकेला पुलिस द्वारा कांड्रा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर विशेष ड्रंक एंड ड्राइव जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने श्वास परीक्षण यंत्र (ब्रीथ एनालाइजर) की सहायता से वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
