Site icon Lahar Chakra

Seraikella-kharsawan: राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की शुरुआत, विभिन्न प्रखंडों में निकाली गई जागरूकता रैली

 

Seraikella-kharsawan:   राज्य सरकार द्वारा 10 जून से 26 जून 2026 तक संचालित राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में जनजागरूकता कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।

जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में जिले के विभिन्न प्रखंडों में नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक करने के लिए कई गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

अभियान के प्रथम दिन गम्हरिया, चांडिल, नीमडीह एवं ईचागढ़ प्रखंडों में स्वास्थ्य कर्मियों को “नशा मुक्त झारखंड” का संकल्प दिलाते हुए नशे के खिलाफ शपथ ग्रहण कराया गया। इसके बाद प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली निकालकर आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

इस दौरान संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने कहा कि निषिद्ध मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति को गंभीर एवं असाध्य बीमारियों की ओर ले जाता है। नशे की लत न केवल व्यक्ति बल्कि उसके परिवार को भी आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से प्रभावित करती है। उन्होंने सभी लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक बनाने में सहयोग करने की अपील की।

अभियान के अगले चरण में जिले के अन्य प्रखंडों में भी जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं विभिन्न आईईसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 11 जून 2026 को सदर अस्पताल, सरायकेला से नशा मुक्ति संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक बाइक रैली निकाली जाएगी।
कार्यक्रम में संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version