
Seraikella-kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर गुरुवार को सरायकेला प्रखंड के पाण्ड्रा पंचायत भवन में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा लर्नर लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
शिविर में छोटा दावना, मुड़कुम, नुवागांव, पठानमारा, गोविंदपुर, पाण्ड्रा और ईटाकुदर पंचायतों के ऑनलाइन स्लॉट बुक करा चुके आवेदकों की दस्तावेज़ जांच, आवेदन सत्यापन एवं लर्नर लाइसेंस परीक्षा आयोजित की गई। कुल 105 अभ्यर्थियों में 60 सफल, 20 असफल रहे, जबकि 25 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इस दौरान परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं, आवेदन प्रक्रिया, स्लॉट बुकिंग, आवश्यक दस्तावेज़ एवं शुल्क भुगतान की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने नागरिकों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
