Site icon Lahar Chakra

Seraikella-Kharsawan: राजनगर पुलिस का विशेष जांच अभियान, वाहनों व संदिग्धों की सघन जांच

Seraikella-Kharsawan:  जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से राजनगर थाना पुलिस ने सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी विपुल ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की।

अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस, निबंधन प्रमाणपत्र (आरसी), प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया तथा वाहनों की डिक्की एवं अन्य सामान की भी तलाशी ली गई।

थाना प्रभारी विपुल ओझा ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य चोरी, लूट, छिनतई, अवैध हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए नियमित रूप से गश्ती और जांच अभियान जारी रहेगा। पुलिस प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगीl

थाना प्रभारी ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

अभियान के दौरान क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की गई, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Exit mobile version