
Seraikella -Kharsawan: छह माह से लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि के भुगतान को लेकर सहिया कर्मियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को गम्हरिया प्रखंड के दुगुनी पंचायत भवन सभागार में सहिया सामुदायिक प्रशिक्षक संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में सहिया, सहिया साथी, बीएएफ, बीटीटीएस, यूसीएफ तथा डीएएफ से जुड़े स्वतंत्र साधन सेवियों ने हिस्सा लिया।
बैठक की अध्यक्षता कोल्हान प्रमंडल एवं जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद मंडल ने की। बैठक में बताया गया कि जनवरी से जून 2026 तक का मानदेय और प्रोत्साहन राशि अब तक जारी नहीं की गई है। वहीं, कुछ प्रखंडों में सात माह से भुगतान लंबित है, जबकि एक प्रखंड के लगभग 40 सहिया कर्मियों को पिछले 10 महीनों से प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लंबित भुगतान की मांग को लेकर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी इस समस्या से अवगत कराया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित हो सके।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो जिला समाहरणालय परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में भविष्य में मानदेय और प्रोत्साहन राशि के समयबद्ध भुगतान की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
