Site icon Lahar Chakra

Seraikella-Kharsawan: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत गम्हरिया में नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण, निवासी कल्याण संघ के साथ जागरूकता बैठक

Seraikella-Kharsawan:  विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने शनिवार को गम्हरिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में स्थापित प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं अंकीयकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचना चाहिए तथा सभी प्रपत्र निर्धारित समय-सीमा के भीतर एकत्र कर उनका अंकीयकरण पूरा किया जाए। साथ ही आँकड़ों की शुद्धता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के बाद जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने गम्हरिया क्षेत्र के निवासी कल्याण संघ के सदस्यों के साथ जागरूकता बैठक की। बैठक में गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा उन्हें प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी दी गई।

उन्होंने निवासी कल्याण संघ के सदस्यों से अपने परिवार एवं आसपास के सभी पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी को निर्धारित अवधि के भीतर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी पर्यवेक्षक, अन्य संबंधित पदाधिकारी तथा निवासी कल्याण संघ के सदस्य उपस्थित थे।

Exit mobile version