
Seraikella-Kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिले के किसानों को कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं से जोड़ने और आधुनिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय परिसर से दो डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथों को रवाना किया गया। अभियान का शुभारंभ झारखंड सरकार के निर्देश एवं उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के आदेश के आलोक में किया गया।
इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल, जिला पशुपालन पदाधिकारी तथा जिला गव्य विकास पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जिले के दोनों अनुमंडलों के लिए एक-एक डिजिटल जागरूकता रथ को रवाना किया।
जिला प्रशासन के अनुसार, दोनों रथ अगले 15 दिनों तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान किसानों को कृषि, पशुपालन, डेयरी विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक पंचायत में किसान संगोष्ठी आयोजित कर आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों का उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और कृषि तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय और कृषि उत्पादकता बढ़ा सकें।
जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ के उनके पंचायत क्षेत्र में पहुंचने पर आयोजित किसान संगोष्ठियों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
