
Seraikella-Kharsawan: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत सोमवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने गम्हरिया प्रखंड में आयोजित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पुनरीक्षण कार्य की तैयारियों तथा मतदाता सूची अद्यतन प्रक्रिया की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि प्रत्येक योग्य मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
उन्होंने बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता सटीक और अद्यतन मतदाता सूची पर निर्भर करती है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने संबंधी आवश्यक जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण एवं निरीक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन शाखा से जुड़े अधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
