Site icon Lahar Chakra

Seraikella-Kharsawan: नई एसपी निधि द्विवेदी का सरायकेला थाना में औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर

Seraikella-Kharsawan: जिले की नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने आज मंगलवार को सरायकेला थाना का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी विनय कुमार से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की स्थिति तथा पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की.

निरीक्षण के क्रम में एसपी ने अनुसूचित जाति-जनजाति थाना, महिला थाना, थाना हाजत, आगंतुक कक्ष एवं बाल मित्र थाना का बारीकी से अवलोकन किया. थाना परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और थाना प्रभारी के कार्यों की सराहना की.

बाल मित्र थाना को और आकर्षक बनाने के निर्देश

बाल मित्र थाना के निरीक्षण के दौरान एसपी ने इसे और अधिक बच्चों के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया.उन्होंने निर्देश दिया कि परिसर को पूरी तरह चाइल्ड-फ्रेंडली बनाया जाए, जिसमें फर्श पर मैट बिछाने, दीवारों पर रंगीन पेंटिंग और सजावट के माध्यम से बच्चों के लिए सहज एवं सुरक्षित वातावरण तैयार किया जाए.

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी निधि द्विवेदी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने की हिदायत दी.

Exit mobile version