
Seraikella-Kharsawan: सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरायकेला-खरसावां यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार को राजनगर थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन संख्या OD29F9041 के चालक अक्षय कुमार कांडी तथा वाहन संख्या OD09AF2899 के चालक संजय महतो शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। दोनों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि जिम्मेदारी से लिया गया एक सही निर्णय कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकता है।
