
Seraikella-Kharsawan: उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गयाशिविरों के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवा वितरण एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार खूंटी पंचायत भवन में आयोजित आयुष ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर में 52 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं गोरांकोचा में आयोजित आयुष ग्राम स्वास्थ्य शिविर में 40 से अधिक मरीजों की जांच की गई, जिसमें पुरुष एवं महिला दोनों लाभुक शामिल रहे।
इसके अलावा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बांकाटी (गोविंदपुर) में आयोजित शिविर के दौरान 45 से अधिक छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण किया गया।
आयुष विभाग द्वारा आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, नियमित जांच को प्रोत्साहित करना तथा आयुष पद्धति के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना बताया गया।
इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई और आयुष चिकित्सा पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
