
मुंबई. सोने-चांदी के दाम में आज (9 जनवरी) तेजी रही. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,349 रुपए बढ़कर 1,37,122 रुपए पहुंच गया है. कल यह 1,35,773 रुपए/10g पर था. वहीं, एक किलो चांदी की कीमत 6,982 रुपए बढ़कर 2,42,808 रुपए पर आ गई है. कल इसकी कीमत 2,35,826 रुपए किलो थी.
इससे पहले 29 दिसंबर 2025 को सोने की कीमत 1,38,161 रुपए प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर थी. वहीं, चांदी की कीमत 7 जनवरी को 2,48,000 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गई थी, जो इसके भाव का अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है.
IBJA की सोने की कीमतों में 3% GST, मेकिंग चार्ज, ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता. इसलिए शहरों के रेट्स इससे अलग होते हैं. इन रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड के रेट तय करने के लिए करता है. कई बैंक गोल्ड लोन के रेट तय करने के लिए इसे इस्तेमाल करते हैं.
पिछले साल यानी 2025 में सोने की कीमत 57,033 रुपए (75%) बढ़ी है. 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो 31 दिसंबर 2025 को 1,33,195 रुपए हो गया. चांदी का भाव भी इस दौरान 1,44,403 रुपए (167%) बढ़ा. 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो इस साल के आखिरी दिन 2,30,420 रुपए प्रति किलो हो गई.
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि चांदी की डिमांड में अभी तेजी है जिसके आगे भी बने रहने का अनुमान है. ऐसे में चांदी इस साल 2.75 लाख तक जा सकती है. वहीं अगर सोने के बात करें तो इसकी डिमांड में भी तेजी बनी हुई. ऐसे में इस साल आखिर तक ये 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार जा सकता है.
