Site icon Lahar Chakra

Sravni Special Train Accident: श्रावणी स्पेशल ट्रेन की एक बोगी पटरी से उतरी, बड़ी संख्या में कांवड़िये सवार थे, सभी यात्री सुरक्षित

Ranchi. सिल्ली-बोकारो रेलखंड पर रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया। मधुपुर जा रही ट्रेन संख्या 08895 श्रावणी मेला स्पेशल की एक बोगी अचानक पटरी से उतर गई। हादसे के समय ट्रेन में बड़ी संख्या में कांवड़िये सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08895 मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे श्रावणी मेला रूट से मधुपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पोल संख्या 354/SA4 के पास इंजन से तीसरी बोगी अचानक पटरी से उतर गई। बोगी के पटरी से उतरते ही तेज आवाज हुई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। ट्रेन में सवार सभी कांवड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही हटिया मंडल के रेल प्रबंधक (DRM) समेत रेलवे के अधिकारी, आरपीएफ, जीआरपी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल राहत और मरम्मत का काम शुरू किया। तकनीकी टीम ने पटरी से उतरी बोगी को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाया और सुरक्षा जांच के बाद उसे मुरी यार्ड में खड़ा कर दिया।

Exit mobile version