Lahar Chakra

Srinath University: 24 दिसंबर 2025 को श्रीनाथ विश्वविद्यालय में आयोजित होगा प्रथम दीक्षांत समारोह,राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

Jamshedpur:श्रीनाथ विश्वविद्यालय,जमशेदपुर का प्रथम दीक्षांत समारोह का आयोजन 24 दिसंबर 2025 को विश्वविद्यालय परिसर में अत्यंत गरिमामय एवं भव्य रूप से होगा.यह ऐतिहासिक अवसर विश्वविद्यालय की अकादमिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा.

इस दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को विधिवत उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी, साथ ही विधार्थियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले को स्वर्ण पदक एवं विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा.

प्रथम दीक्षांत समारोह में 2021 से लेकर 2023 अकॉदमिक सत्रों (2021/2022/2023) के विधार्थियों को डिग्री से सम्मानित किया जाएगा. कुल 529 डिग्रीयां प्रदान की जाएगी, जिनमें 44 विधार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा. जिनमें अंग्रेजी के 4 विधार्थी, एजुकेशन के 1, पत्रकारिता एंव जनसंचार के 3, इकोनॉमिक्स के 2, भूगोल के 2, कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के 11,आईटी के 5, मैथेमेटिक्स के 1, भौतिकी से 1, रसायन से 1, इंजीनियरिंग से 6 फाइन आर्टस से 2, योगा से 4, हिंदी में 1 और फॉर्मेसी से 1 इसके अलावा 121 स्नातकोत्तर, 169 स्नातक एंव 239 डिप्लोमा की उपाधि प्रदान की जाएगी.समारोह में विभिन्न संकायों के उतीर्ण विधार्थियों को उनके शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया जाएगा.

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति, कुलपति, प्रतिकुलपति, विशिष्ट अतिथि, विश्वविद्यालय के शासी निकाय के सदस्य, गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद्, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे.

दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में माननीय राज्यपाल, झारखंड, संतोष कुमार गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी. जिसमें वे विद्यार्थियों को जीवन, करियर और सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति प्रेरित करेंगे. इस अवसर पर अभिभावकगण भी उपस्थित रहेंगे.

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रुप में पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधानसभा के विधायक चंपई सोरेन उपस्थित रहेंगे. झारखंड की पूर्व मंत्री और सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की सासंद जोबा मांझी भी उपस्थित रहेंगी. समारोह में ईचागढ़ विधानसभा की विधायक सविता महतो भी उपस्थित रहेंगी.

श्रीनाथ विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह के लिए आयोजित प्रेस कांफ्रेस में श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो, कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन ओ पी शर्मा, कुलसचिव डॉ याहया मजुमदार तथा डीन एडमिनिष्ट्रेशन जे. राजेश सम्मिलित हुए.

दीक्षांत समारोह के बारे में बात करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो ने कहा कि “श्रीनाथ विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह न केवल विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत का प्रतिफल है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की औपचारिक शुरुआत भी है. हमारा उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के लिए जिम्मेदार, नैतिक और सक्षम नागरिक तैयार करना भी है. इस तरह के आयोजन से छात्रों को अध्धयन के लिए प्रेरणा मिलेगी और वे शिक्षा के क्षेत्र में अपना सर्वोत्तम देने के लिए अभिप्रेरित होंगे”.

इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए कुलसचिव डॉ याहया मजुमदार ने कहा कि दीक्षांत समारोह से विधार्थियों को सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी जो उनके भविष्य के लिए कारगर सिद्ध होगी.प्रथम दीक्षांत समारोह के आयोजन पर विधार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

Exit mobile version